श्री राम कॉलेज ऑफ लॉ में विचार गोष्ठी आयोजित

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर श्री राम कॉलेज ऑफ लॉ, के प्रांगण में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस आयोजन में श्री राम कॉलेज ऑफ लॉ, के सभी प्रवक्ताओं तथा विद्यार्थियों द्वारा बढचढ कर भाग लिया गया। विचार गोष्ठी का प्रारम्भ श्री राम कॉलेज ऑफ लॉ, के प्रवक्ताओं द्वारा भगवान श्री राम के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया गया। इस विचार गोष्ठी में विधि विभाग के छात्र-छात्राओं द्वारा अपने विचार व्यक्त किए गये। 

छात्र आयान त्यागी ने कहा कि आज भारत के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर यह आयोजन किया जा रहा है। स्वतंत्रता प्राप्ति से पहले उत्तर प्रदेश का नाम यूनाइटेड प्रोविन्स था, स्वतंत्रता के बाद 24 जनवरी 1950, को इसका नाम करण उत्तर प्रदेश के रूप में किया गया, इसी दिन को उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस मानते हुए यह दिन मनाया जाता है। छात्र वंश वर्धन ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत की सर्वाधिक आबादी वाला राज्य है। सबसे अधिक लोकसभा तथा विधानसभा की सीटें उत्तर प्रदेश के द्वारा ही दी गयी है। आज का उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर है। 
छात्रा संध्या ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर राज्य के नागरिक इस दिन को उत्साह के साथ मिलकर मनाते है। यह वह दिन है, जिस पर राज्य के नागरिक वहां की संस्कृति तथा परम्परा से परिचित होते है नये युवा वर्ग को विकास में शामिल करने का प्रयास किया जाता है। छात्रा शिवानी ने कहा कि अनेक क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करके सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश ने राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया को शक्ति दी है। यह मर्यादा पुरूषोत्तम श्री राम तथा श्री कृष्ण की पावन जन्म भूमि है।
सभी विद्यार्थियों के द्वारा श्री राम जी के चित्र पर पुष्प समर्पित किये गये। इस कार्यक्रम के आयोजन में श्री राम कॉलेज ऑफ लॉ के सभी प्रवक्तागण संजीव तोमर, आंचल अग्रवाल़, राखी ढ़िलौर, प्रषांत चौहान, राममनू प्रताप सिंह, आकांक्षा त्यागी, हीना गुप्ता, विनय तिवारी, प्रीती और त्रिलोक आदि उपस्थिति रहे। 
Comments