पूर्व विधायक इमरान मसूद ने थामा कांग्रेस का हाथ

शि.वा.ब्यूरो, सहारनपुर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चर्चित मुस्लिम नेता एवं सहारनपुर के पूर्व विधायक इमरान मसूद ने आज कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। इमरान मसूद को पिछले दिनों मायावती ने बीएसपी से निकाल दिया था। वह उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मौके पर कांग्रेस छोड़कर सपा में चले गए थे। लेकिन वहां उनकी दाल नहीं गली। उनके परिवार की एक महिला ने हाल ही में सहारनपुर के नगर निगम क चुनाव में दमदारी के साथ मेयर का चुनाव लड़ा था पर सपा के मुस्लिम उम्मीदवार द्वारा पर्याप्त संख्या में मुस्लिम वोटों में सेंधमारी करने से उनकी हार हो गई थी।

इमरान मसूद ने कांग्रेस में जाने से पहले लोकदल में भी संभावनाएं टटोली थी, लेकिन उनकी पहली पसंद कांग्रेस पार्टी थी, जहां उन्हें आज फिर से जगह मिल गई है। इमरान मसूद लोक सभा चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके हैं। उन्होंने 2014 और 2019 में भी भाग्य आजमाया था। लेकिन नाकामी ही हाथ लगी थी। इमरान मसूद को आज नई दिल्ली के कांग्रेस दफ्तर में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय की मौजूदगी में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कांग्रेस पार्टी में विधिवत रूप से शामिल कराया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इमरान मसूद के फिर से कांग्रेस में शामिल हो जाने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post