योगी आदित्यनाथ ने माँ शाकुम्बरी विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन भवन की सुस्त रफ्तार पर जताई नाराजगी
गौरव सिंघल, सहारनपुर। दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज पहली बार सहारनपुर पहुंचे। वह करीब पांच घंटे यहां रहे। लखनऊ से हवाई जहाज के जरिए सरसावा हवाई अड्डे पहुंचे जहां से हेलीकाप्टर के द्वारा करीब साढ़े दस बजे सहारनपुर पुलिस लाइन के मैदान पर पहुंचे। जहां भाजपा के जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और आला अफसरों ने उनकी अगुवाई की। पुलिस लाइन स्थित सभागार में मुख्यमंत्री ने भाजपा के जनप्रतिनिधियों और भाजपा कोर कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक कर जिले के हालात की जानकारी ली। भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से सहारनपुर की मुख्य समस्याओं और विकास कार्यों पर खुलकर बात की।
सफल कांवड़ यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री का बैठक में आभार जताया गया। शाकुम्बरी देवी स्थल पर फ्लाई ओवर निर्माण, मां शाकुम्बरी यूनिवर्सिटी के निर्माण कार्यों की सुस्त रफ्तार का सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि राजकीय मेडिकल कालेज में सुविधाएं बढ़ाने की मांग भी मुख्यमंत्री से की गई। सहारनपुर में रोजगार के नए अवसर पैदा करने, नए उद्योगों की स्थापना करने की भी मांग की गई। मुख्यमंत्री ने इस बैठक के बाद ब्लाक पुंवारका स्थित निर्माणाधीन मां शाकुम्बरी यूनिवर्सिटी का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को इस बात के लिए फटकार लगाई कि आठ-नौ माह के दौरान पांच फीसदी ही काम हो पाया है। इसके निर्माण के लिए अभी तक 27.85 करोड़ राशि रिलीज की गई है। जबकि पहले चरण के निर्माण के लिए 92.04 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत है। प्रथम चरण के निर्माण का लक्ष्य जनवरी-23 तक पूरा होना है। 50.43 एकड़ भूमि पर बनने वाले इस विश्वविद्यालय का शिलान्यास उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गृह मंत्री अमित शाह ने 2 दिसंबर-2021 को किया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर के सर्किट हाउस में अफसरों के साथ मंडलीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने शामली और मुजफ्फरनगर के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक को वर्चुअली संबोधित किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर में करीब पांच घंटे रूके। उन्होंने अपने इस दौरे के दौरान मीडिया से दूरी बनाए रखी।ध्यान रहे अपने दूसरे कार्यकाल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं सहारनपुर मंडल के प्रभारी बने हैं और पहली बार आज बुधवार को सहारनपुर पहुंचे। मुख्यमंत्री तीन स्तरीय सुरक्षा घेरे में रहे। उनकी सुरक्षा में पुलिस के अलावा पीएसी और आरएएफ भी लगी हुई थी। अफसरों की ओर से बैठक में एडीजी मेरठ जोन राजीव सब्बरवाल, कमिश्नर डा. लोकेश एम, डीआईजी सुधीर कुमार सिंह, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, एसएसपी आकाश तोमर, सीडीओ विजय कुमार, सीएमओ डा. संजीव मांगलिक समेत मंडलीय स्तर के तमाम आला अफसर मौजूद रहे।भाजपा नेताओं में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाजपा के अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, सहारनपुर के भाजपाध्यक्ष डा. महेन्द्र सैनी, सहारनपुर महा नगराध्यक्ष राकेश जैन, भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, राज्यमंत्री जसवंत सैनी एवं बृजेश सिंह, विधायक राजीव गुंबर, मुकेश चौधरी, देवेंद्र निम, चौधरी कीरत सिंह, पूर्व विधायक नरेश सैनी, पूर्व विधायक जगपाल सिंह आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्मार्ट सिटी योजना के तहत सहारनपुर नगर निगम में 100 करोड़ की लागत से बनाए गए इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सिस्टम की व्यवस्था भी देखी। इस दौरान नगर आयुक्त और स्मार्ट सिटी की सीईओ गजल भारद्वाज और अध्यक्ष कमिश्नर डा. लोकेश एम भी मौजूद रहे। इस कमांड कंट्रोल के जरिए महानगर के 27 ट्रैफिक सिंग्नल और 980 कैमरों के जरिए यातायात पर पूरी तरह से नजर रखी जाएगी। इसका निर्माण कार्य जापान की कंपनी द्वारा किया जा रहा है जो अपने अंतिम चरण में हैं। कुल 980 कैमरे लगाए जाने हैं। जिसके लिए 200 किलोमीटर तक की आप्टिकल फाइबर कैबल बिछाई जा रही है। इसके जरिए महानगर में सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, सफाई जैसे जरूरी कार्यों पर नजर रखी जा सकेगी।