शि.वा.ब्यूरो, आगरा। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के उपलक्ष में एंड्रोमेडा सदन की ओर से विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य अरविंद श्रीवास्तव, प्रमुख समन्वयिका रश्मि गाँधी व समस्त शिक्षक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ कक्षा 8 की दीक्षा वर्मा और ओजस्वी भारद्वाज ने संयुक्त रूप से किया।
कक्षा 12 के कबीर सागर ने भाषण के माध्यम से श्रमिक दिवस को मनाने के कारण एवं महत्व पर प्रकाश डालकर सभी को उस विषय में जानकारी प्रदान की। एंड्रोमेडा सदन के विद्यार्थियों ने विद्यालय के सुचारू संचालन में सहायक कर्मचारियों की भूमिका के महत्व को दर्शाते हुए नाट्य-मंचन व एक मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। विद्यालय परिवार की ओर से सभी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बैज देकर उनके द्वारा किए गए अथक परिश्रम एवं कर्मठता की सराहना की गई।
विद्यालय के प्राचार्य ने सभी को श्रमिकों के अधिकार और कर्त्तव्य के प्रति जागरूक रहने को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के परिदृश्य में श्रम और श्रमिक में कोई विशेष अंतर नहीं है। जो भी श्रम करके देश के विकास में सहायक बनते हैं, वे सभी श्रमिक हैं, चाहे वे वाइट कॉलर जॉब करें या ब्लू कॉलर जॉब। कार्यक्रम पाठ्यसहगामी गतिविधि प्रभारी अपर्णा सक्सैना के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। एंड्रोमेडा सदन के विद्यार्थियों के सार्थक प्रयासों से प्रार्थना सभा का सफल आयोजन हुआ।
बता दें कि प्रत्येक वर्ष संपूर्ण विश्व में 1 मई को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस’ मनाया जाता है। यह दिन दुनिया-भर के श्रमिकों के योगदान के सम्मान और सराहना का दिन है। यह दिन उन लोगों की कड़ी मेहनत और समर्पण के महत्व को दर्शाता है, जो हमारे जीवन को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में निष्ठापूर्वक काम करते हैं।