गौरव सिंघल, सहारनपुर। राज्य कर्मचारियों के कल्याणार्थ खेल के विकास तथा शारीरिक संवर्धन के दृष्टिगत वर्ष 2022-23 में निर्धारित बैडमिन्टन खेल में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय चयन ट्रायल 16 जनवरी को, मण्डल स्तरीय चयन ट्रायल 17 जनवरी को स्पोर्टस स्टेडियम सहारनपुर एवं प्रदेश स्तरीय सिविल सर्विसेज चयन ट्रायल 19 जनवरी 2023 को लखनऊ में आयोजित किया जायेगा। क्रीडा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि सिविल सर्विसेज चयन ट्रायल हेतु यह प्रक्रिया अपनायी जायेगी कि फिजिकल टेस्ट में खिलाड़ी को कम से कम 14 अंक प्राप्त करने होंगे तब ही वह खिलाड़ी स्किल टेस्ट देने का पात्र होगा।
भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सिविल सर्विसेज में आटोनोमस बाडी जैसे परिषद, बोर्ड, नगर निगम, पंचायत, पुलिस विभाग के कर्मचारी अध्यापक एवं सहायक अध्यापक आदि भाग नही लेंगे। इसलिए जिला स्तर पर सिविल सर्विसेज चयन ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ी को विभाग को दृष्टिगत रखते हुए चयन ट्रायल्स में सम्मिलित किया जायेगा। सिविल सर्विसेज चयन ट्रायल में पूर्ण रूप से सरकारी कर्मचारी ही भाग लेंगे। चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों को अपने विभागाध्यक्ष से अनुमति लेकर जानकारियां उपलब्ध करवानी होंगी।
उन्हांने बताया कि भाग लेने के लिए खिलाडी का नाम, आईडी नम्बर सहित जन्मतिथि, विभाग का नाम जहां सेवारत है, सेवा में आने की तिथि एवं वर्तमान तैनाती तिथि, सेवा का प्रकार नियमित, दैनिक भोगी, विभाग पूर्ण सरकारी विभाग है अथवा आटोनामस आर्गनाइजेशन सम्बन्धित सूचनाओं सहित खिलाड़ियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर भेजना होगा। जिला, मण्डल एवं प्रदेश स्तरीय चयन ट्रायल्स में भाग लेने वाले सरकारी कर्मचारी खिलाड़ियों को डयूटी पर माना जायेगा तथा इनके यात्रा भत्ता आदि जैसे भी स्थिति हो का भुगतान उनके विभाग द्वारा किया जायेगा।