अनेक गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए वर्षों से नहीं मिल पा रहा लिंक नहर से पानी

गौरव सिंघल, देवबंद। देवबंद विधानसभा क्षेत्र के जड़ौदा पांडा गांव के दर्जनों गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध नहीं होने से वे परेशान हैं और पानी नहीं मिल पाने के कारण उनकी फसलें भी बर्बाद हो रही है। पानी दिलाओ संघर्ष समिति के एक पदाधिकारी अरविंद त्यागी और प्रिंस त्यागी ने आज बताया कि जड़ौदा पांडा, नया गांव,  किशनपुर,  मोहरा, शेरपुर, घिसरपड़ी, बालू माजरा, दिलफरा ऐनाबाद, सिसोनी, लोटनी आदि गांवों के किसान गंगा की लिंक नहर फीडर चैनल देवबंद से 35 फीसद पानी नलहेड़ा रजवाहे में देने की मांग को लेकर आंदोलन चला रहे हैं। सिंचाई विभाग ने इस साल के शुरूआत में 3.58 करोड़ की लागत से परियोजना स्वीकृत कर दो साल के भीतर पानी दिलाने का भरोसा दिया था, लेकिन अभी तक भी किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध नहीं हुआ है। 
गांव मोहरा के पूर्व प्रधान विनोद कुमार, पूर्व चेयरमैन कर्मवीर सिंह और दर्जनों के प्रमुख लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस प्रोजेक्ट को जल्द शुरू कराने और हजारों किसानों को सिंचाई के लिए नलहेड़ा रजवाहे से पानी आपूर्ति कराए जाने की मांग की है। जानकारी के मुताबिक दो महीने से इस परियोजना पर काम ठप्प पड़ा है, इसलिए किसानों की चिंता और भी बढ़ गई है। 


Post a Comment

Previous Post Next Post