नगर निगम बोर्ड की बैठक में 390 करोड़ का पुनर्रीक्षित बजट पारित

गौरव सिंघल, सहारनपुर। नगर निगम बोर्ड के वित्तीय वर्ष 2022 23 का 390 करोड़ 79 लाख रूपए का पुनर्रीक्षित बजट आज पारित किया गया। अध्यक्षता मेयर संजीव वालिया ने की। बोर्ड की यह अंतिम बैठक थी। क्योंकि दिसंबर माह में नगर निगम का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है और नए चुनाव होंगे। 

मेयर संजीव वालिया ने बताया कि इस बजट में 53 करोड़ 47 लाख रूपए स्मार्ट सिटी से मिलेंगे। नगर निगम कूड़ा उठाने के वाहन, मशीनों की खरीद और सिटी बस संचालन के अलावा गोबर से पेंट बनाने आदि की मशीन पर इस धनराशि को खर्च करेगा। संजीव वालिया ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रदेश के चार श्रेष्ठ वार्डों में लखनऊ, वाराणसी व गोरखपुर के साथ सहारनपुर का वार्ड 25 भी शामिल है। सहारनपुर के तीन श्रेष्ठ वार्डों के पार्षदों वार्ड 25 की मीनाक्षी, वार्ड 20 की कंचन धवन और वार्ड 48 के पार्षद भगत सिंह का मेयर संजीव, वालिया भाजपा विधायक देवेंद्र निम और नगरायुक्त गजल भारद्वाज ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। 

बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर गांधी पार्क स्थित जनमंच का नाम सेठ गंगा प्रसाद महेश्वरी रखना तय किया गया। बैठक में पार्षद अमित त्यागी, चंद्रजीत सिंह निक्कू, पार्षद टिंकू अरोड़ा, अपर नगरायुक्त राजेश यादव, एसडीएम सदर किनसुख श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post