गौरव सिंघल, देवबंद। शाकंभरी देवी दर्शन को जा रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में एक वैगनआर कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो श्रद्धालु और चार कार सवार लोग घायल हो गए।
बीती देर रात सहारनपुर-मुजफ्फरनगर मार्ग पर शाकंभरी देवी दर्शन को जा रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में वैगनआर कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो श्रद्धालु और चार कार सवार लोग घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
मुजफ्फरनगर जनपद के तितावी थाना क्षेत्र के गुर्जरहेड़ी गांव के कुछ लोग बीती देर रात ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर मां शाकंभरी देवी दर्शन के लिए निकले थे। रात करीब 12-1 बजे जब वह सहारनपुर मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर देवबंद में साईं धाम मंदिर के निकट पहुंचे तो इस दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार वैगनआर कार ने ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मार दी। दुर्घटना में ट्रैक्टर- ट्राली में सवार टिंकू और सूरज व कार में सवार सहारनपुर के खाताखेड़ी निवासी नावेद, उस्मान और महिला असमा व उजमा घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई।दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सरकारी अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी पीयूष दीक्षित ने बताया कि हादसे में घायल हुए लोगो को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।