विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक अक्टूबर से व दस्तक अभियान सात से, 11 विभाग करेंगे सहयोग

शि.वा.ब्यूरो, शामली। संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए पूरे अक्टूबर माह विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान चलाया जायेगा। अभियान में 11 विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए गतिविधियां आयोजित करेंगे। इस संबंध में जिलाधिकारी जसजीत कौर ने संचारी रोग नियंत्रण माह को लेकर अंतर विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर उनकी जिम्मेदारी तय कर दी है। जिलाधिकारी ने कहा है कि विशेष रुचि लेकर इस अभियान को सफल बनाएं। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि संक्रामक रोगों की रोकथाम को लेकर एक अक्टूबर से विशेष संचारी रोग नियंत्रण माह और सात अक्टूबर से दस्तक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग इसकी तैयारी में जुटा हुआ है। अभियान की सफलता व बीमारियों की रोकथाम के लिए 11 अन्य विभागों का भी सहयोग लिया जाएगा।

नोडल अधिकारी डॉ. जाहिद अली ने बताया कि बारिश होने से संक्रामक रोग वायरल बुखार, टाइफाइड, डेंगू, चिकनगुनिया, टीबी आदि फैलने की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि इस मौसम में बीमारियों की रोकथाम के लिए शासन के निर्देश पर चलाये जा रहे संचारी रोग नियंत्रण माह में लोगों को बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि साथ ही सात अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक दस्तक अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर बीमार लोगों के बारे में जानकारी लेंगी और लक्षण वाले मरीजों की सूची तैयार करेंगी। उन्होंने बताया कि बीमार लोगों का नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा, नगर निकाय, ग्राम पंचायतें, कृषि, पशु चिकित्सा, उद्यान विभाग, समाज कल्याण व बाल विकास पुष्टाहार समेत 11 विभाग का सहयोग लिया जाएगा।   
जिला मलेरिया अधिकारी विनय कुमार ने बताया कि बरसात को देखते हुए इस बार का अभियान बहुत महत्वपूर्ण है, संचारी रोग बरसात में बढ़ जाते हैं। उन्होंने कहा कि मरीज़ में लक्षण देखते हुए जांच और उपचार मिलना आवश्यक है।

Post a Comment

Previous Post Next Post