पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व भारतीय किसान यूनियन वर्मा के राष्ट्रीय संयोजक भगत सिंह वर्मा ने भरी हुंकार

कहा-सभी हाईवे व सड़कों से टोल टैक्स समाप्त किया जाएं

गौरव सिंघल, देवबंद। मोहल्ला सराय पीरजादगान में किसानों की बैठक को संबोधित करते हुए पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व भारतीय किसान यूनियन वर्मा के राष्ट्रीय संयोजक भगत सिंह वर्मा ने कहा कि भाजपा के योगी राज में प्रदेश के किसान भारी आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। किसानों की समस्याओं को हल करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास समय नहीं है। सबसे अधिक गन्ना उत्पादन करने वाले राज्य उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों पर सबसे अधिक कर्ज हो गया है।
भगत सिंह वर्मा ने कहा कि गन्ना किसानों की मेहनत से प्रदेश सरकार को भारी आर्थिक लाभ हो रहा है, जबकि प्रदेश के गन्ना किसान एक-एक रुपए के मोहताज हैं, उन पर लगातार कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है जिसके लिए भाजपा की प्रदेश और केंद्र सरकार सीधे जिम्मेदार है। भगत सिंह वर्मा ने कहा कि भाजपा की योगी सरकार प्रदेश में गन्ने का लाभकारी रेट ₹600 कुंतल तत्काल घोषित करें और चीनी मिलों से पिछले वर्ष का गन्ना भुगतान अविलंब दिलाएं। भगत सिंह वर्मा ने कहा कि पिछले वर्षों में देरी से किए गए गन्ना भुगतान पर लगा ब्याज उत्तर प्रदेश की 120 चीनी मिलों से 12 हजार करोड़ रुपए प्रदेश के गन्ना किसानों को दिलाएं। सरकार की गलत नीतियों के चलते गन्ने की लागत लगातार बढ़ती जा रही है उस हिसाब से गन्ने का रेट नहीं बढ़ रहा है। एक कुंतल गन्ने की उत्पादन लागत ₹450 कुंतल है। 
भगत सिंह वर्मा ने कहा कि कृषि प्रधान उत्तर प्रदेश के किसानों की उन्नति के लिए मनरेगा योजना को खेती से जोड़ा जाए और मनरेगा योजना से किसानों को मजदूर उपलब्ध कराए जाएं, अग्निपथ योजना को रद्द किया जाए, प्रदेश के सभी हाईवो और सड़कों से आम जनता के हित में टोल टैक्स समाप्त किए जाए, आम जनता के लिए प्रदेश में बिजली के रेट आधे किए जाएं और किसानों को कृषि कार्य हेतु नि:शुल्क बिजली दिलाई जाएं। भगत सिंह वर्मा ने कहा कि किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों, युवाओं की समस्याओं के लिए पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा और भारतीय किसान यूनियन वर्मा गन्ना किसान बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक चौधरी बख्तावर सिंह की अध्यक्षता में 14 सितंबर 2022 को कमिश्नरी कार्यालय सहारनपुर पर जुलूस प्रदर्शन करके विशाल महापंचायत करेंगे। इसमें सभी किसान संगठन और सभी पार्टी और दलों के लोग भारी संख्या में भाग लेंगे। 
आज की बैठक की अध्यक्षता करते हुए भारतीय किसान यूनियन वर्मा के प्रदेश सचिव चौधरी ऋषिपाल प्रधान गुर्जर ने कहा कि प्रदेश के गन्ना किसानों की लड़ाई को जोरदार तरीके से लड़ा जाएगा। बैठक का संचालन करते हुए दूसरे प्रदेश सचिव मोहम्मद वसीम ने कहा कि 14 सितंबर को भाजपा की योगी सरकार से किसान आर-पार की लड़ाई करेंगे। जिसकी तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई है। बैठक में मोहम्मद अफजाल भोला नगर अध्यक्ष, मोहम्मद कामिल, मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद जावेद, राव मुस्तकीम, आसिफ, परवेज, तबरेज आलम, अदनान, दिलशाद, मोहम्मद वारिस, फैजान, एहतेशाम, फुरकान, महबूब हसन आदि ने भाग लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post