दो दिवसीय स्वास्थ्य एवं आहार सर्वेक्षण कैंप सम्पन्न
शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। स्पोटर्स ए वे ऑफ लाइफ, आईएमटी गाजियाबाद और श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज़  के संयुक्त प्रयासों एवं मुजफ्फरनगर जिला प्रशासन और चिकित्सा विभाग के सहयोग से  खेलगांव बहादरपुर और खेड़ी विरान में आयोजित दो दिवसीय स्वास्थ्य एवं आहार सर्वेक्षण कैंप का आज समापन किया गया।
चिकित्सा कैंप के दूसरे एवं समापन दिवस पर शहर के 18 नामचीन डॉक्टर्स की टीम ने तकरीबन 350 से अधिक बच्चों एवं युवाओं की निशुल्क शारीरिक जांच की। इस अवसर पर शहर के प्रतिष्ठित हड्डी रोग विशेषज्ञ डा0 सिद्धांत जैन उपस्थित रहे। श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज़ के संकाय एमएससी फूड एंड न्यूट्रीशियन की छात्राओं ने प्रत्येक युवाओं एवं बच्चों की व्यक्तिगत रूप से आहार संबंधी जानकारी लेते हुए संतुलित आहार ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया।
स्वास्थ्य एवं आहार सर्वेक्षण कैंप के दूसरे दिन जहां शहर के नामचीन डॉक्टर्स के पैनल ने गांव के युवाओं एवं बच्चों की निशुल्क शारीरिक जांच करते हुए जीवन में अच्छे स्वास्थ्य एवं शरीर की आवश्यकतानुसार पोषक आहार ग्रहण करने का सुझाव दिया, वहीं श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज़ की एमएससी फूड एंड न्यूट्रीशियन की छात्राओं ने प्रत्येक युवाओं एवं बच्चों की व्यक्तिगत रूप से आहार संबंधी जानकारी लेते हुए संतुलित आहार ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया साथ ही उनके शारीरिक कदकाठी के अनुसार पोषक आहार संबंधी जानकारी विस्तार से दी।
इस अवसर पर श्रीराम कॉलेज की प्राचार्य डा0 प्रेरणा मित्तल ने कहा कि सामान्य तौर पर देखा जाए तो किसी राष्ट्र की उन्नति उसके नागरिकों के स्वास्थ्य पर ही निर्भर करती है। यदि नागरिक स्वस्थ हैं तो निश्चित रूप से वह देश भी उन्नति के शिखर पर पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि बहुत से व्यक्ति स्वास्थ्य के अर्थ को पूर्ण रूप से नहीं समझते। कुछ व्यक्ति बीमारियों से दूर रहने को ही स्वास्थ्य समझते हैं। कुछ शरीर के सुंदर होने को ही स्वास्थ्य समझते हैं, जो कि एक संकुचित अवधारणा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य का महत्व न केवल मानव के लिए है, बल्कि समाज के लिए भी उतना ही महत्वपूर्ण है, क्योंकि स्वस्थ व्यक्तियों का समाज ही उन्नति करता है। बाहरी चुनौतियों का सामना करता है तथा सफलतापूर्वक अपने अधिकारों व कर्तव्यों का पालन कर मनुष्य सभ्यता को जीवंत रख पाता है।
स्वास्थ्य एवं आहार सर्वेक्षण कैंप के समापन दिवस पर श्रीराम गर्ल्स कॉलेज के संकाय होम मैनेजमेंट की डीन डा0 श्वेता राठी ने कहा कि मनुष्य के जीवन में स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण स्थान है। स्वास्थ्य व्यक्ति की अमूल्य निधि है। उन्होंने कहा कि यह केवल व्यक्ति विशेष को प्रभावित ही नहीं करता, बल्कि जिस समाज में वह रहता है उस संपूर्ण समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मनुष्य ही सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वाह कुशलतापूर्वक कर सकता है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा कैंप के दूसरे दिन आज हमारी एमएससी फूड एंड न्यूटीशियन की छात्राओं ने कैंप में प्रत्येक युवाओं एवं बच्चों की व्यक्तिगत रूप से आहार ग्रहण करने के संबंध में जानकारी लेकर उनकी शारीरिक आवश्यकतानुसार आहार तालिका प्रदान कर पोषक युक्त आहार लेने के लिए प्रेरित किया। इसके अतिरिक्त छात्राओं ने बच्चों एवं युवाओं की माताओं को पोषक युक्त आहार बनाने की पाक् विधियों से भी अवगत कराया।
दो दिवसीय स्वास्थ्य एवं आहार सर्वेक्षण कैंप में एडीएम-ई के मार्गदर्शन में डा0 गौरव शिवाच, डा0 सदफ नासिर, डा0 फरवा सबी, डा0 अग्रतांशु यादव, डा0 अमित कुमार, डा0 तालिब खान, डा0 अमित सक्सैना, डा0 आशीष मित्तल, डा0 राजेश भार्गव एवं डा0 सोनिया शहर के नामचीन 18 डॉक्टर्स ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में रूबी पोसवाल, वर्षा पंवार, सोफिया अंसारी, श्रीराम कॉलेज, शारीरिक शिक्षा विभाग से भूपेन्द्र कुमार, संदीप कुमार एवं एमएससी फूड एंड न्यूट्रीशियन के छात्र-छात्राओं ने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
Comments