अन्तर्राष्ट्रीय खेल ओलम्पियाड ‘एक्सपो-2019’ सीएमएस में 19 अक्टूबर से


शि.वा.ब्यूरो, लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल आरडीएसओ कैम्पस द्वारा चार दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय खेल ओलम्पियाड ”एक्सपो-2019“ का आयोजन 19 से 22 अक्टूबर तक किया जा रहा है, जिसमें दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान, कतर, श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल एवं भारत के विभिन्न प्रान्तों से लगभग 800 बाल खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा के प्रदर्शन करने हेतु लखनऊ पधार रहे हैं। यह अन्तर्राष्ट्रीय खेल ओलम्पियाड विश्व शान्ति व विश्व एकता को समर्पित है।


उक्त जानकारी एक प्रेस कान्फ्रेन्स में एक्स्पो-2019 की संयोजक एवं सीएमएस आरडीएसओ कैम्पस की प्रधानाचार्य अरूणा नायडू ने दी। प्रधानाचार्य ने बताया कि खेलों के इस महाकुंभ में बाल खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन हेतु देश भर की अनेकों प्रख्यात खेल हस्तियां लखनऊ पधार रही है जिनमें वीएस चौहान, अर्जुन पुरस्कार विजेता (एथलेटिक्स), गुलाब चंद, अर्जुन पुरस्कार विजेता (एथलेटिक्स), रवीन्द्र पाल सिंह, ओलम्पिक गोल्ड मेडलिस्ट, हाॅकी, वीरेन्द्र बहादुर सिंह, इण्टरनेशनल अम्पायर एवं हाॅकी प्लेयर, मनोज जग्गी, अन्तर्राष्ट्रीय फुटबाल खिलाड़ी, दिनेश डाॅडियाल, अन्तर्राष्ट्रीय फुटबाल खिलाड़ी, अशोक बांबी, पूर्व रणजी खिलाड़ी, कमल कान्त कनौजिया, रणजी खिलाड़ी, अक्शदीप नाथ, कैप्टन, रणजी टीम एवं आईपीएल खिलाड़ी आदि प्रमुख हैं।



        अरुणा नायडू ने बताया कि इस अन्तर्राष्ट्रीय खेल ओलम्पियाड के माध्यम से सीएमएस का उद्देश्य विश्व शान्ति और विश्व एकता की भावनाओं को आगे बढ़ाना है। इससे विद्यार्थियों को न केवल प्रतिस्पर्धा में भाग लेने का अवसर मिलेगा, बल्कि उनमें शान्ति और वसुधैव कुटुम्बकम की भावना उत्पन्न होगी। खेल स्पर्धाओं की जानकारी देते हुए अरुणा नायडू ने बताया कि इस अन्तर्राष्ट्रीय खेल ओलम्पियाड के अन्तर्गत ट्रैक एण्ड फील्ड, बैडमिन्टन, कराटे एवं साॅकर प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेंगी। ट्रैक एण्ड फील्ड प्रतियोगिताओं में 100मी, 200 मी, 400मी, 800मी, 1500मी एवं 4 गुणा 100 मी रिले दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके अलावा लम्बी कूद, भाला फेंक, चक्का फेंक, गोला फेंक आदि प्रतिस्पर्धाओं में देश-विदेश के खिलाड़ी अपने दम-खम का प्रदर्शन करेंगे।


            सीएमएस संस्थापक डा. जगदीश गाँधी ने कहा कि ''एक्सपो-2019'' विश्व शान्ति और विश्व एकता की भावना को आगे बढ़ाने की एक और कड़ी है। इसमें कई देशों से खिलाड़ी आकर अपनी क्षमताओं को प्रदर्शित करेंगे और आपस में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा करेंगे। 


Post a Comment

Previous Post Next Post