गौरव सिंघल, सहारनपुर। गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर यूपी में सरकारी एजेंसियों द्वारा प्रयास करके की जा रही खरीद से किसानों को खुले बाजार में 75 रुपए प्रति क्विंटल ज्यादा भाव मिल रहा है। किसान हितैषी ऐसी नीति भारत के किसी राज्य में नहीं है। उत्तर प्रदेश, पंजाब के बाद गेहूं की पैदावार में दूसरा बड़ा राज्य है। अबकी गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2425 रुपए प्रति क्विंटल है। सरकारी एजेंसियों ने खरीद को लेकर पूरा दम लगाया हुआ है। इससे खुले बाजार में किसानों को लगातार ऊंचे दाम मिल रहे हैं। हरियाणा और पंजाब में सरकारें आढतियों के जरिए गेहूं खरीदती है। इससे वहां के किसानों को सरकार समर्थित भाव ही मिल रहा है मध्य प्रदेश सरकार बाजार और समर्थन मूल्य के अंतर के बराबर बोनस देती है। जानकारों ने आज बताया कि यूपी में योगी जी के समक्ष हरियाणा, पंजाब की नीति अपनाने का सुझाव रखा गया था पर वह नहीं माने। यूपी में गेहूं की सरकारी खरीद तो कम हो रही है पर बाजार में कंपटीशन के कारण ऊंचे यानि 500 रुपए प्रति क्विंटल के दाम मिलने से किसान खुश हैं। सहारनपुर के कमिश्नर अटल कुमार राय रोज गेहूं खरीद की समीक्षा कर रहे हैं और अफसरों को खरीद बढ़ाने को लगातार प्रेरित और उत्साहित कर रहे हैं। उन्होंने आज बताया कि 30 अप्रैल तक सहारनपुर मंडल में सरकार लक्ष्य के सापेक्ष 26.87 फीसद गेहूं की खरीद कर चुकी है यानि कुल 26463.007 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया। किसानों को 6470.21 लाख रुपए का भुगतान किया गया। आर एफ सी श्री कृष्ण ने बताया कि वर्ष 2021-22 में गेहूं खरीद का लक्ष्य एक लाख 98 हजार मी. टन था। जिसके सापेक्ष गेहूं की कुल खरीद 44 हजार मीट्रिक टन ही हो पाई थी। सहारनपुर जनपद में इस बार 30 अप्रैल तक 17969.317 मी. टन यानि 30.95 प्रतिशत, मुजफ्फरनगर में 4057. 140 यानि 16.03 फीसद और शामली जनपद में 4406.550 मी.टन गेंहू खरीदा गया। कमिश्नर अटल कुमार राय ने बताया कि पूरे मंडल में 181 केंद्रों पर गेहूं की खरीद हो रही है। केंद्रों पर किसानों को तमाम जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि व्यापारियों की तरह हम भी किसानों के घर-घर जाकर खरीद कर रहे हैं इससे हमें लाभ हुआ है। अटल कुमार राय ने कहा कि पूरे मंडल में कहीं भी किसान समर्थन मूल्य से कम पर गेहूं बेचने को विवश नहीं हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस बार पिछली बार से ज्यादा गेहूं की खरीद करने में सरकार सफल रहेगी। किसानों को 48 घंटे के भीतर भुगतान किया जा रहा है। सरकारी क्रय केंद्रों पर घटतौली बिल्कुल नहीं है। पिछली बार सरकारी समर्थन मूल्य 2275 रुपए प्रति क्विंटल था। बाजार भाव उससे ऊंचा था। अबकी किसानों को पिछली बार से 150 रुपए प्रति क्विंटल सरकारी भाव ज्यादा मिल रहा है। बाजार भाव दो सौ ज्यादा है।
उत्तर प्रदेश में किसानों को मिल रहा 75 रुपए प्रति क्विंटल ज्यादा भाव
byHavlesh Kumar Patel
-
0