गौरव सिंघल, सहारनपुर। पूर्व उप मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी नारायण सिंह के पौत्र पूर्व सांसद संजय चौहान के बेटे और सहारनपुर मंडल की मीरापुर सीट के रालोद विधायक चंदन सिंह चौहान को राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी रालोद की युवा इकाई का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया है। चंदन सिंह चौहान युवा नेता हैं। माना जा रहा है कि रालोद नेतृत्व ने 2024 लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए चंदन सिंह चौहान को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
चंदन सिंह चौहान गुर्जर बिरादरी से हैं जो पश्चिमी उत्तर प्रदेश की गन्ना पट्टी में जाटों के साथ-साथ बड़ी गुर्जर बिरादरी है। हाल ही में गुर्जर बिरादरी के प्रमुख नेता मदन भैय्या की खतौली विधानसभा के उपचुनाव में हुई शानदार जीत से संकेत मिला था कि गुर्जर बिरादरी का झुकाव सपा-रालोद गठबंधन की ओर है। चंदन सिंह चौहान अपने बाबा चौधरी नारायण सिंह और अपने पिता संजय सिंह चौहान की तरह साफ-सुथरी छवि के हैं और उनका अपनी गुर्जर बिरादरी के साथ-साथ अन्य सभी किसान जातियों पर समान प्रभाव है। उनकी इस नियुक्ति पर पूरे सहारनपुर मंडल में सपा-रालोद कार्यकर्त्ताओं और खासकर गुर्जर बिरादरी ने हर्ष व्यक्त किया और जयंत चौधरी का आभार जताया है।