गौरव सिंघल, देवबंद। नगर के मोहल्ला खानकाह में लिंटर खोलने के दौरान एक मजदूर की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार दीवार में फंसा सरिया झटके से निकालते समय मजदूर संतुलन खो बैठा और नीचे गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गया। जिसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार गांव करंजाली निवासी अरविंद कुमार (34) नगर के मोहल्ला खानकाह में एक व्यक्ति के मकान में मजदूरी कर रहा था। वह तीसरे मंजिल पर लिंटर का ढुल्ला खोल रहा था। इस बीच दीवार में फंसा सरिया झटके से निकालने के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर आकर गिरा। जिसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गया। उसके साथ काम कर रहे अन्य मजदूर उसे चिकित्सक के यहां लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद मृतक के परिजन और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खानकाह पुलिस चौकी इंचार्ज ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मृतक परिवार के अक्षय ने पुलिस को तहरीर दी है। जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।