शायोनी चक्रोबर्ती ने भारतीय शास्त्रीय नृत्य भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। राजकीय इण्टर कॉलेज मुजफ्फरनगर में आज स्पीक मैके सोसायटी फॉर द प्रमोशन ऑफ इण्डियन क्लासिकल म्यूजिक एंड कल्चरल अमोंगस्ट यूथ के तत्वावधान में जिला विद्यालय निरीक्षक के दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित कार्यक्रम में प्रसिद्ध भरतनाट्यम नृत्यांगना शायोनी चक्रोबर्ती द्वारा भारतीय शास्त्रीय नृत्य भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी गई।

सुबह से ही विद्यालय प्रांगण में प्रसिद्धि प्राप्त नृत्यांगना शायोनी चक्रोबर्ती के आगमन और प्रस्तुति को लेकर उत्साह और उत्सुकता का वातावरण था। भरतनाट्यम नृत्यांगना शायोनी चक्रोबर्ती और स्पीक मैके की टीम राजकीय इण्टर कॉलेज पहुंची। टीम में जनपद प्रभारी डॉ. आरएमतिवारी, समाजसेविका डॉ. मृदुला मित्तल, बीना शर्मा, डॉ. गरिमा जैन, डॉ. नीति सिंघल, भावना सिंघल, कार्यक्रम नोडल प्रभारी कंचन प्रभा शुक्ला सम्मिलित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत कार्यक्रम की मुख्य अतिथि शायोनी चक्रोबर्ती, ब्रिजेश कुमार, कंचन प्रभा शुक्ला एवं अन्य आगंतुकों द्वारा मॉं सरस्वती के सामने दीप प्रज्वलित कर की गई। प्रधानाचार्य ब्रिजेश कुमार द्वारा पुष्प गुच्छ भेंट कर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया, डॉ. आरएम तिवारी द्वारा मुख्य अतिथि का परिचय दिया गया। तदोपरांत नृत्यांगना शायोनी चक्रोबर्ती द्वारा शास्त्रीय नृत्य भरतनाट्यम के द्वारा नौ रसों पर आधारित थीम 'नवरसा'को महाभारत के कथानक में श्रीकृष्ण का कंस को मारने के लिए उसके दरबार में पहुंचने का मनोरम दृश्य अपने नृत्य से चित्रित कर छात्र -छात्राओं एवं उपस्थित दर्शक-दीर्घा को मंत्रमुग्ध कर दिया।


नृत्य से पूर्व नृत्यांगना ने अपने नृत्य द्वारा अभिनीत की जाने वाली कथा का परिचय देते हुए भारतीय शास्त्रों में उल्लिखित नौ रसों से परिचित कराया। छात्र -छात्राओं को नृत्य से सम्बंधित मुद्रा,भाव-भंगिमा,राग ,ताल आदि की जानकारी देकर मंच  पर छात्रा प्रांजलि,इकरा, छात्र खालिद, कार्तिक को बुला कर उनके साथ सभी को भरतनाट्यम की मुद्राओं का अभ्यास कराया। कार्यक्रम के अंत में ब्रिजेश कुमार द्वारा नृत्यांगना शायोनी चक्रोबर्ती को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका और टीम-स्पीक मैके का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की व्यवस्था ममता रानी, सोहनपाल, गीता रानी, सुचित्रा सैनी, नितिन कुमार, हरबीर सिंह, ब्रह्मप्रकाश, अनिल कुमार, भूपेन्द्र सिंह, विपिन त्यागी, रकम सिंह, मनोज दीक्षित, वन्दना कादियान, नेहा, आकांक्षा नागपाल आदि ने की।


Post a Comment

Previous Post Next Post