शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। जनपद में एक से 31 अक्टूबर 2022 तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के जरिए संचारी रोगों पर काबू पाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा आमजनमानस को जागरूक किया जाएगा। सात अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2022 तक दस्तक अभियान के जरिए आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संचारी रोगों से ग्रसित मरीजों को घर-घर दस्तक देकर उन्हें चिन्हित करने के साथ-साथ इसके बचाव के प्रति जागरूक भी करेंगी। इस संबंध में जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह ने आदेश जारी किए हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह ने बताया एक अक्टूबर से शुरू होने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण माह की तैयारी की जा रही है। अन्य विभागों के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का प्रयास किया जाएगा। संचारी रोगों के मामलों की निगरानी, लक्षण युक्त व्यक्तियों की कोविड-19 जांच करवाना, क्षय रोगों के लक्षण युक्त व्यक्तियों की जांच एवं उपचार की व्यवस्था, रोगियों के निःशुल्क परिवहन के लिए रोगी वाहन की व्यवस्था, प्रचार-प्रसार, लार्वारोधी गतिविधियों, मॉनिटरिंग, पर्यवेक्षण, रिपोर्टिंग, अभिलेखीकरण तथा विश्लेषण का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही दस्तक अभियान में फिजिकल डिस्टेंसिंग, हाथों की धुलाई और मास्क की अनिवार्यता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। दस्तक अभियान के दौरान प्रशिक्षित आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपाय, लक्षण एवं निकटतम स्वास्थ्य केंद्र के बारे में जानकारी उपलब्ध कराएंगी।
उन्होंने बताया आशा कार्यकर्ता इस दौरान लक्षणों के आधार पर क्षय रोगियों की भी खोज करेंगी। इसके अतिरिक्त खांसी तथा सांस लेने में दिक्कत की शिकायत वाले रोगियों को भी चिन्हित किया जाएगा तथा उन्हें कोविड जांच के लिए निकट स्वास्थ्य इकाई पर भेजा जाएगा। अभियान को गति प्रदान करने के लिए जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह के आदेशों के अनुपालन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ महावीर सिंह फौजदार के नेतृत्व में सोमवार को ब्लॉक शाहपुर के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें प्रधानाचार्य, सुपरवाइजर प्रकाशवीर, अक्षय, बीएमसी यूनिसेफ के मुजम्मिल अहमद द्वारा संचारी रोग नियंत्रण व वेब फेमिली के मोबिलाइजेशन की आवश्यक जानकारी दी गयी।
राष्ट्रीय इंटर कॉलेज पुरकाजी में सोमवार को संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत एक विशेष मीटिंग का आयोजन किया गया, जिसमें प्रधानाचार्य सुधीर कुमार, बीएमसी यूनिसेफ रोज़ी परवीन द्वारा संचारी रोग नियंत्रण व वेब फेमिली के मोबिलाइजेशन की आवश्यक जानकारी दी गयी। बैठक में नोडल शिक्षक भी उपस्थित रहे।