गौरव सिंघल, सहारनपुर। शासन के निर्देशों के अनुपालन में राष्ट्रीय पोषण माह के अन्तर्गत 22 सितम्बर 2022 को समस्त बाल विकास परियोजना कार्यालय एवं समस्त आंगनबाडी केन्द्रों पर स्वस्थ बालक बालिका प्रतियोगिता का आयेाजन किया जायेगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का मूल उद्देश्य सुपोषित उत्तर प्रदेश की परिकल्पना को साकार करना है। इसको साकार करने के लिए स्वास्थ्य विभाग, ग्राम प्रधान एवं पोषण पंचायत की महत्वपूर्ण भूमिका निर्धारित की गयी है। इसके अन्तर्गत बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, आंगनबाडी केन्द्रों की साफ-सफाई, पोषण ट्रैकर में डाटा फीडिंग, बच्चों के लिए पोषण का महत्व बताने के लिए जन जागरूकता कार्यक्रम, अभिभावकों को इसके तहत जागरूक किया जायेगा एवं 05 वर्ष तक के बच्चों के पोषण में सुधार लाने के लिए वातावरण बनाने के दृष्टिगत जानकारी दी जायेगी। कार्यक्रम के अन्तर्गत स्वयं सेवी संस्थाओं, स्थानीय निकायों, शिक्षण संस्थाओं का भी सहयोग लिया जायेगा। स्वस्थ बालक बालिका प्रतियोगिता के तहत जो बच्चे स्वस्थ व सुपोषित होंगे तथा जिनको पूर्व निर्धारित सेवाएं मिली है उनको पुरस्कृत किया जायेगा। इसमें मानक बनाकर ग्राम स्तर पर चयन किया जायेगा। इनका ग्राम पंचायत स्तर पर 02 अक्टूबर को पुरस्कार वितरण किया जायेगा। इसमें आंगनबाडी केन्द्रों पर बच्चों की रैंकिंग दी जायेगी एवं माता-पिता को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए जायेंगे।