अजमद रजा, ककरौली। तेजी से आ रहे बाईक सवार का संतुलन बिगड जाने से उसकी बाईक पुल की दीवार से टकरा गयी, जिससे बाईक चालक नहर में गिरकर डूब गया। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा ग्रामीणों की सहायता से युवक के शव को बाहर निकाला गया। मजदूर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र के ग्राम खेडी फिरोजाबाद निवासी 35 वर्षीय अर्जुन पुत्र राजपाल गुड कोल्हू में मजदूरी का कार्य करता था। सोमवार दोपहर बाद अर्जुन गुड कोल्हू से वापस घर लौट रहा था कि उसकी मोटर साइकिल गंगनहर पुल की बाउन्ड्री से टकरा गयी, जिससे अर्जुन नहर में गिर गया। आसपास के ग्रामीण उधर दौडे तब तक अर्जुन गहरे पानी में समा गया। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी राममोहन शर्मा, ककरौली थाना प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह ने घटना की जानकारी की तथा गोताखोरों की सहायता से शव को नहर में तलाश किया। पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद ग्रामीणों की सहायता से शव को नहर से बाहर निकाला। अर्जुन अपने पीछे पत्नी अमरेश व दो पुत्रियों 11 वर्षीय अलका, 9 वर्षीय प्रेरणा व 7 वर्षीय पुत्र रोहन को छोड गया है।