स्टेपिंग स्कूल में स्पिक मैके कार्यक्रम आयोजित


शि.वा.ब्यूरो, मुज़फ्फरनगर। सोसाइटी फॉर दि प्रमोशन ऑफ़ इंडियन क्लासिकल म्यूजिक एंड कल्चर अमंग्स्ट यूथ ( स्पिक मैके ) द्वारा आयोजित पद्मश्री गीता चन्द्रन भरतनाट्यम नृत्य देखकर स्टेपिंग स्कूल में उपस्थित दर्शक भावविभोर हो उठे। एक गुरु के तौर पर गीता चंद्रन ने बच्चों को सफलता के गुरुमंत्र भी दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयी पाठ्यक्रम के अलावा भी के दुनियां है जिसे जाने बिना ज्ञान भले आ जाये पर विवेक नहीं आ सकता।
स्पिक मैके विरासत श्रंखला २०१९ में कार्यक्रम प्रस्तुत करने आई विख्यात नृत्यांगना पद्मश्री गीता चंद्रन ने कार्यक्रम का शुभारम्भ “पुष्पांजलि “ के साथ साथ ' वन्दे मातरम् ' से किया। अपनी रचनाधर्मिता और लीक से हटकर सोच के लिए विख्यात गीता चंद्रन ने कहा वह नहीं मानती की भरतनाट्यम में वंदना केवल भगवान की ही हो सकती है। कला अभिव्यक्ति का माध्यम है, अतः कार्यक्रम की शुरुआत मातृभूमि की वंदना से भी हो सकती है।



मीरा के प्रसिद्ध भजन “मणे चाकर राखो जी” की अद्भुत प्रस्तुति देने से पूर्व गीता चंद्रन ने बच्चों को नसीहत करते हुए गुरुमंत्र दिया कि जीवन में वही करना चाहिए, जिसके साथ दीवानगी कर सको। उन्होंने कहा कि मीरा उसका एक सर्वोच्च उदहारण हैं। दीवानगी किसी भी अच्छी दिशा में हो तो सफलता का आसमान दूर नहीं रह जाता। उन्होंने कहा कि आजकल कला के क्षेत्र में बेहद प्रतिभाली व पढ़े लिखे युवा खूब सफल हो रहे हैं। उनके साथ पधारीं पिछले १२ सालों से भरतनाट्यम सीख रहीं मदुरा स्वयं अर्थशास्त्र में परास्नातक हैं। मदुरा ने बच्चों के समक्ष भरतनाट्यम की मुख्य तत्वों से परिचित कराते हुए प्रस्तुतियां दीं तथा राग मिश्र नदाई में अलारिपू का प्रदर्शन किया। विदुषी गीता चंद्रन के साथ नटुवनगम एस.शंकर,गायन पर ज्योति श्रीदेवी, मृदंगम पर मनोहर बालान्चंदिरन तथा बांसुरी पर रविंदर राजपूत ने बखूबी संगत प्रदान की।
बता दें कि नाट्यवृक्ष की निदेशक विदुषी गीता चंद्रन एक समर्थ गुरु, लेखिका तथा विचारक भी हैं तथा अनेक विश्वविद्यालयों की कार्यकारिणी सदस्य व सलाहकार के दायित्वों का भी निर्वहन कर रहीं हैं।  विश्वभर में कार्यक्रम प्रस्तुत कर चुकीं गीता चंद्रन को पद्मश्री के अतिरिक्त राष्ट्रीय संगीत नाटक अकादमी पुरुस्कार,निर्भया पुरस्कार सहित कई विदेशी सम्मानों से भी नवाज़ा जा चुका है। स्वच्छ भारत अभियान में टॉयलेट यूज़ एजुकेशन के संकल्पना भी गीता चंद्रन द्वारा ही की गयी है।



कार्यक्रम में दीपप्रज्ज्वलन विदुषी गीता चंद्रन, आभा बंसल, सोनिया बंसल,अलका शर्मा तथा स्पिक मैके के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से किया। कलाकारों का अभिनन्दन प्रधानाचार्य आभा बंसल, सोनिया बंसल तथा कृष्ण गोपाल अग्रवाल ने किया। .कार्यक्रम का संचालन हर्ष तथा अनुष्का ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर डॉ एनएनपन्त, डॉ मृदुला मित्तल, डॉ गरिमा जैन, सान्वी तिवारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Post a Comment

Previous Post Next Post