गौरव सिंघल, सहारनपुर। नई दिल्ली स्थित आलेख फाउंडेशन द्वारा इस वर्ष के आयोजित हुए विमेन अचीवर्स अवार्ड के लिए चुनी गई नामचीन हस्तियों में सहारनपुर की आचार्य प्रतिष्ठा शुमार होने की खबर से उनकी संस्था मोक्षायतन अंतर्राष्ट्रीय योग संस्थान और उनके कला प्रशंसकों में विशेष खुशी का माहौल है। ज्ञातव्य है कि विभिन्न क्षेत्रों में खास पहचान बनाने वाली देश की विशिष्ट महिलाओं को उनके अभूतपूर्ण एवं अद्भुत कार्य के लिए सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष योग अध्यात्म एवं संस्कृति के क्षेत्र से आचार्य प्रतिष्ठा के साथ सिनेमा क्षेत्र से जानी-मानी फिल्म अभिनेत्री ऋतुपर्णा सेन गुप्ता, खेल जगत से भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान पद्मश्री अंजुम चोपड़ा, प्रसिद्ध यूट्यूबर एवं कंटेंट क्रिएटर नीतू बिष्ट और भारतीय विदेश सेवा से एंबेसेडर संगीता बहादुर को भी नई दिल्ली स्थित लीला होटल में आयोजित इस विशेष समारोह में विमेन अचीवर्स अवार्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज संजय किशन कौल, जाने-माने फिल्म अभिनेता आदिल हुसैन, सुप्रसिद्ध कथक नृत्यांगना पद्मश्री शोभना नारायण और नीति आयोग के पूर्व सीईओ अमिताभ कांत, पूर्व विशेष सचिव विदेश मंत्रालय एंबेसेडर अमरेंद्र खटुआ विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
फाउंडेशन की संस्थापक डा रैनी जाय ने आचार्य प्रतिष्ठा की जीवन यात्रा की सराहना करते हुए बताया कि देश के एक छोटे शहर से निकल कर शास्त्रीय नृत्य, अध्यात्म, भारतीय संस्कृति और सॉफ्ट डिप्लोमेसी की वैश्विक स्तर पर एक सफलता की कहानी बन चुकी आचार्य प्रतिष्ठा ने अपनी उपलब्धियों से अपने नगर की शान को भी ऊंचा आसमान दिया है क्योंकि भारतीय योग, शास्त्रीय नृत्य, अध्यात्म और भारतीय संस्कृति के प्रचार प्रसार में आचार्य प्रतिष्ठा की ऐसी विशेष भूमिका है कि महिला उत्थान एवं इन विधाओं में महिलाओं को आगे लाने का सबसे बड़ा श्रेय उन्हें जाता है। उन्होंने आचार्य जी द्वारा किए जा रहे लोक कल्याण व समाज उद्धार के काम को अप्रतिम बताया। संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आचार्य प्रतिष्ठा ने अपने शहर पर गर्व अनुभव करते हुए कहा कि सहारनपुर वह शहर है जिसने वैश्विक हस्तियां पैदा की हैं। उन्होंने स्वाधीनता संग्राम, योग, कला, संस्कृति, उद्योग, साहित्य और कृषि में अपने शहर के बड़े योगदान का जिक्र किया