किसान पंचायत में पहुंचे सरदार वीएम सिंह

गौरव सिंघल, सहारनपुर। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार वीएम सिंह ने कहा कि एमएसपी पर फसल खरीद होने से ही किसानों की आर्थिक स्थिति सुधरेगी। उन्होंने कहा कि कम से कम 500 रुपये क्विंटल गन्ना मूल्य घोषित किया जाए। ग्राम नन्दी में आयोजित किसान पंचायत में उन्होंने कहा कि किसानों को फसलों का अच्छा भाव मिलेगा तो मजदूरी भी बढ़ेगी उन्होंने कहा कि इस रुपये से बाजार में खरीदारी होगी, जिससे अर्थव्यवस्था में गति आएगी। उन्होंने कहा कि एमएसपी पर फसल खरीद की गारंटी के लिए किसानों को एकजुट होकर साथ खड़ा होना होगा। 

सरदार वीएम सिंह ने कहा कि किसानों के 27 वर्षों के बकाया गन्ना मूल्य पर ब्याज पाने के लिए संकट चल रहा है, जो करीब 15 हजार करोड़ बैठता है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को सम्मान निधि देने के नाम पर 6 हजार रुपए सालाना दे रही है, यदि बकाया पर ब्याज मिल जाए तो किसान को 50 से 60 हजार रूपए प्रति एकड मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि ब्याज देने के मामले में सरकार कहती हैं कि इतनी धनराशि देने पर मिले बंद हो जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के इतने संगठन हो गए हैं कि जिसे जिलाध्यक्ष पद से हटा दो वह अपना संगठन बनाकर सीधा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे भी राष्ट्रीय अध्यक्ष है, जिन्होंने कभी खेती भी नहीं की है, उनसे क्या उम्मीद कर सकते हैं। किसान पंचायत की अध्यक्षता चरण सिंह ने की। इस दौरान जिलाध्यक्ष चौधरी सुखबीर सिंह, शेखर, नवीन त्यागी, विशु त्यागी, दिव्यांग त्यागी,  नवाब प्रधान, संदीप, विरेंद्र प्रधान आदि मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post