पूर्व विधायक संगीत सोम ने पूर्व सांसद डाॅ. संजीव बालियान पर लगाये गम्भीर आरोप, पार्टी नेतृत्व से की जांच की मांग

शि.वा.ब्यूरो, मेरठ। सरधना क्षेत्र के पूर्व विधायक व भाजपा नेता ठाकुर संगीत सोम व अभी हाल के चुनाव में अपनी सांसदी गंवाने वाले पूर्व केन्द्रीय मंत्री डाॅ.संजीव बालियान के बीच चल रही कोल्डवार अब खुलकर सड़कों पर आ गयी है। पूर्व सांसद डाॅ.संजीव बालियान की प्रेसवार्ता के बाद संगीत सोम ने प्रेसवार्ता में एक प्रेस नोट जारी करके उन पर गम्भीर आरोप लगाये हैं।  उन्होंने प्रेस नोट जारी करके संजीव बालियान पर केन्द्रीय मंत्री के पद पर रहते हुए विकास कार्यों की आड़ में व गुण्डागर्दी के बल पर हजारों करोड़ की सम्पत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया हैै। उन्होंने भाजपा नेतृत्व से मांग की है कि उन कारणों की जांच होनी चाहिए, जिन कारणों से पार्टी को इस सीट पर हार का सामना करना पडा है। 

अपने दो पृष्ठ के प्रेस नोट में ठाकुर संगीत सोम ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री डाॅ.संजीव बालियान पर आरोप लगाये हैं कि उन्होंने अपने पद का दुरूपयोग करते हुए श्रीराम पोटाश का सैम्पल फेल होेने के बावजूद कम्पनी से काॅन्ट्रेक्ट करके करोड़ों की कमाई की है। उन्होंने अपने पद का दुरूपयोग करके शुगर फैक्ट्रियों से कच्चा माल लेकर नकली खाद्य पदार्थ की फैक्ट्री लगा रखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि डाॅ.संजीव बालियान ने बेगराजपुर में स्थित एथनाॅल की फैक्ट्री में साझेदारी की शर्त पर भाजपा कार्यकर्ताओं की अनदेखी करके पूर्व सपा नेता गौरव स्वरूप की पत्नी को पालिकाध्यक्ष का टिकट दिलवाया था। इसी के तहत उनके द्वारा पूर्व सपा नेता गौरव स्वरूप की साझेदारी में मुजफ्फरनगर के जौली रोड पर एक स्टील प्लांट भी स्थापित किया जा रहा है। 

संगीत सोम ने अपने प्रेस नोट में पूर्व सांसद पर आरोप लगाया है कि उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र में विगत दशकों पूर्व सरकारी दस्तावेजों में दर्ज तालाबों की फर्जी खुदाई दर्शाकर करोड़ों रूपये के सरकारी धनराशि का भ्रष्टाचार किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पूर्व सांसद ने जनपद के शुक्रताल क्षेत्र में वर्ष 2023 में अपने करीबियों के नाम से 600 बीघे से भी अधिक जमीन खरीदी है। इसके साथ ही उन्होंने मुजफ्फरनगर के बहेडी गांव में भी एक प्लांट लगाया है।

ठाकुर संगीत ने आरोप लगाया है कि डाॅ.संजीव बालियान ने केन्द्रीय मंत्री रहते हुए आस्ट्रेलिया में भी बड़े पैमाने पर सम्पत्ति अर्जित की है, जिसकी देखरेख के लिए उन्होंने अपने हरियाणा निवासी अपने मित्र संजीव सहरावत उर्फ संजीव खरडू के लिए आस्ट्रेलिया का स्थायी पास भी बनवा रखा है। उन्होंने बताया है कि संजीव खरडू ही आस्ट्रेलिया में अर्जित की गयी सम्पत्ति का गवाह भी है। उन्होंने सरधना विधान सभा क्षेत्र में बनाये जा रहे देश के प्रथम खेल विश्वविद्यालय को अन्यत्र स्थापित कराये जाने का प्रयास करने का आरोप भी पूर्व सांसद पर लगाया है। 

ठाकुर संगीत सोम ने कहा है कि डाॅ. संजीव बालियान भाजपा के एकमात्र ऐसे केन्द्रीय मंत्री हैं, जिन पर हत्या सहित तीन बड़े अपराधिक मामलों में सीधे संलिप्त होने के आरोप लगे हैं। उन्होंने कहा है कि महिमा हत्याकाण्ड़ में डाॅ.संजीव बालियान कि खिलाफ हत्या की साजिश रचने की तहरीर भी पीड़ित द्वारा दी गयी थी, जो उस समय समाचार पत्रों की सुखियां भी बनी थी। उन्होंने आरोप लगाया है कि जनवरी 2023 में सरदार वल्लभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के डीन प्रोफेसर राजबीर सिंह पर हुए गोलीकाण्ड़ का मुख्य आरोपी कुख्यात् मिन्टू बालियान भी डाॅ. संजीव बालियान का नजदीकी है। आरोप है कि डाॅ. संजीव बालियान ने इस गोलीकाण्ड़ के दूसरे आरोपी अनिल बंजी को बचाने के लिए एसएसपी मेरठ को कई बार फोन भी किये थे। इसके साथ ही उन्होंने बताया है कि हरियाणा में इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक नफे सिंह राठी की हत्या की साजिश में डाॅ. संजीव बालियान का नाम आया था। नफे सिंह राठी के पुत्र जितेन्द्र राठी ने एक वीडियो भी जारी किया था, जिसमें उन्होंने डाॅ. संजीव बालियान पर आरोपियों की मदद करने व पीड़ितों के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कराकर उनका उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था। 

पूर्व विधायक ने पूर्व सांसद डाॅ. संजीव बालियान पर आरोप लगाया है कि उन्होंने अपने पद का दुरूपयोग करते हुए पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष यशपाल पंवार सहित पूर्व विधायक प्रमोद ऊंठवाल, पूर्व विधायक विक्रम सैनी व पूर्व विधायक उमेश मलिक, चरथावल से सपना कश्यप व सरधना से मुझे भी चुनाव हरवाने की साजिश की है। उन्होंने कवाल काण्ड़ के आरोपी पूर्व कादिर राणा के साथ व्यापारिक साझेदारी होने की चर्चा का आरोप भी डाॅ. संजीव बालियान पर लगाया है। ठाकुर संगीत सोम ने पार्टी नेतृत्व से सभी आरोपो की जांच कराने की मांग की है।


Comments