पैदावार बढ़ाने को गन्ना उपायुक्त ओमप्रकाश सिंह ने किया नई प्रजाति का गन्ना बोने का आहवान

शि.वा.ब्यूरो, सहारनपुर। गन्ना उपायुक्त ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि सहारनपुर मंडल में होने वाला गन्ना रोगग्रस्त हो गया है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे प्रचलित 0238  प्रजाति के बजाए, उन्नत प्रजाति का गन्ना बोए तो उससे गन्ने की पैदावार बढ़ेगी। उन्होंने इस संवाददाता से बातचीत में कहा कि उन्होंने पिछले कुछ दिनों के दौरान मंडल के चीनी मिलों का दौरा किया और किसानों को बताया कि वर्तमान में बोए जा रहे गन्ने में रोग लग गया है, जिससे उत्पादन घट रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को बुआई से पहले गहरी जुताई के लिए मोल्ड बोल्ड पुलाव का प्रयोग करना चाहिए, जो सभी गन्ना समितियों में उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि गहरी जुताई के बाद बोए गन्ने का उत्पादन बहुत अच्छा होता है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए गन्ने का नया बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। ओपी सिंह ने दो दिन के दौरान शेरमऊ चीनी मिल और बिड़वी चीनी मिल का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्था परखी और प्रबंधकों को सुधार के निर्देश दिए।

गन्ना उपायुक्त ने बताया कि गांगनोली चीनी मिल को भारत की सबसे बड़ी एकीकृत चीनी मिल के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्होंने बताया कि बजाज ग्रुप की यूपी में 14 चीनी मिलें हैं, जिनमें पांच लाख किसान गन्ना आपूर्ति करते हैं। ओपी सिंह के मुताबिक दिल्ली में आयोजित शुगर एंड एथोनोल इंडिया कांफ्रेंस में समूह के उपाध्यक्ष अमित अग्रवाल को पुरस्कार प्रदान किया गया। यूनिट हेड हरवीश मलिक ने बताया कि चीनी मिल कर्मियों ने इस पर हर्ष व्यक्त किया है।

Comments