प्राची चौधरी ने चीन एशियाड खेलों में रिले दौड़ में हासिल किया रजत पदक

शि.वा.ब्यूरो, सरसावा। क्षेत्र के गांव झबीरण की बेटी प्राची चौधरी ने चीन एशियाड खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए रिले दौड़ में रजत पदक हासिल किया है। बेटी की उपलब्धि पर गांव में जश्न का माहौल है। पदक विजेता बेटी के पिता के आंसू खुशी से छलक पड़े। उन्होंने कहा कि यह उनकी बेटी की नहीं पूरे देश की उपलब्धि है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बेटी भविष्य में ओलंपिक खेलों में भी देश का नाम रोशन करेगी।सरसावा क्षेत्र के आज का दिन ऐतिहासिक रहा। जब चीन के हांगझोऊ शहर में चल रहे एशियाई खेलों में प्राची को रजत पदक हासिल हुआ। प्राची के पिता किसान जयवीर सिंह ने बताया कि उनके चार बच्चे हैं। बड़ी बेटी यूपी पुलिस में कार्यरत है, जबकि दूसरे नंबर की प्राची खिलाड़ी होने के साथ-साथ रेलवे में नौकरी करती है। उन्होंने बताया कि दोनों छोटे बेटे अभी पढ़ाई कर रहे हैं। जयवीर सिंह ने बेटी की उपलब्धि पर खुश होते हुए कहा कि ये बेटी की मेहनत का ही परिणाम है कि आज उन्हें ही नहीं पूरे गांव को गर्व महसूस हो रहा है। 

प्राची की उपलब्धि से गांव में खेलों के प्रति और अधिक सकारात्मक माहौल बनेगा। घरेलू महिला प्राची की मां राजेश ने भी बेटी की उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए इसे ऐतिहासिक पल बताया। प्राची ने इंटरमीडिएट तक की शिक्षा गांव के ही जनता इंटर कॉलेज से हासिल करने के उपरांत पटियाला स्थित यूनिवर्सिटी में दाखिला लेते हुए यूनिवर्सिटी खेलों में नाम आगे बढ़ाया। इसी आधार पर प्राची चार गुना 400 मीटर रिले दौड़ में भारतीय टीम का हिस्सा बनकर पदक जीतने में सफल रही। प्राची के भाई प्रांशु और अंकित के अलावा बबलू चौधरी, अन्नू, सचिन, धर्मपाल, रामपाल, मांगेराम, प्रधान भंवर सिंह आदि हर्ष जताया। जनता इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अभिषेक गोढ़ ने कहा कि पूर्व में प्राची की उपलब्धियां को देखते हुए सम्मानित किया गया था। अब प्राची के गांव पहुंचने पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post