सहारनपुर नगर निगम में मेयर पद पर आठ उम्मीदवारों के बीच होगा मुकाबला

शि.वा.ब्यूरो, सहारनपुर। नगरीय निकाय के पहले चरण के चार मई को होने वाले मतदान के लिए सहारनपुर जनपद में मुकाबलों की स्थिति बिल्कुल साफ हो गई है। नगर निगम सहारनपुर में मेयर पद के लिए आठ उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें पांच उम्मीदवार प्रमुख दलों के हैं। जिनमें भाजपा के डा. अजय कुमार, बीएसपी की खदीजा मसूद, सपा के नूर हसन मलिक, कांग्रेस के प्रदीप वर्मा और आम आदमी पार्टी के सहदेव शामिल हैं। आशिक अलीफातमा बेगम और शबनम कुरेशी निर्दलीय हैं। निगम के 70 वार्डों में 384 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। वार्ड 22 में भाजपा उम्मीदवार सुखबीर वर्मा का निर्विरोध पार्षद बनना तय है। वहां दो ही उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। आजाद समाज पार्टी के वसीम तेली ने नाम वापस ले लिया है। सहारनपुर नगर निगम के बाद सबसे बड़ी नगर पालिका देवबंद में अध्यक्ष पद के लिए 23 प्रत्याशी मैदान में हैं इनमें भाजपा के विपिन गर्ग, बसपा के जमालुद्दीन अंसारी, सपा की जहिर फातमा, कांग्रेस के नौशाद कुरेशी और एआईएमआईएम के कलिम माज मुख्य उम्मीदवार हैं।

भाजपा के मनोज सिंघल वार्ड नंबर 10 से निर्विरोध चुन लिए जाएंगे। उनके सामने खड़े जयप्रकाश पाल ने नाम वापस ले लिया है। इसी तरह वार्ड नंबर 25 से निर्दलीय उम्मीदवार शाहीद हसन के निर्विरोध सभासद चुने जाने का रास्ता साफ हो गया है। वार्ड नंबर 23 से पूर्व विधायक माविया अली के बेटे हैदर अली भी निर्विरोध चुन लिए जाएंगे। नगर पालिका नकुड़ में पालिका अध्यक्ष पद के लिए पूर्व चेयरमैन खालिद खानपूर्व चेयरमैन धनीराम सैनी मैदान में हैं। रामपुर मनिहारान नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां पर कांग्रेस प्रत्याशी शंतलेश का नामांकन जांच में निरस्त हो गया था। नानौता नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए पांच प्रत्याशी मैदान में हैं। सरसावा में जहां का अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं छह उम्मीदवार मैदान में हैं। जिनमें भाजपा की विद्रोही प्रत्याशी मीनाक्षी भी शामिल है।

चिलकाना में मुख्य मुकाबला भाजपा की मुस्लिम उम्मीदवार फूल बानो और बसपा की ओर से पूर्व चेयरमेन अकबर कुरैशी के बीच है। अम्बेहटा नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए सात उम्मीदवार मैदान में हैं। बेहट में अध्यक्ष पद के लिए आठ उम्मीदवार मैदान में हैं। पहली बार अस्तित्व में आई नगर पंचायत छुटमलपुर में अध्यक्ष पद के लिए 18 प्रत्याशी मैदान में हैं जिनमें भाजपा से पूर्व प्रधान मंजू शर्मा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अब्दुल हसीब, आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलमीन से नसीम, बसपा के नाजिमसपा से समा प्रवीन और आजाद समाज पार्टी से फिरोज खान एवं बाकी उम्मीदवार निर्दलीय हैं।

तीतरो नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए सात उम्मीदवार मैदान में हैं। जिनमें भाजपा के देवराज सिंह, सपा से तैमुर खान, बसपा से चौधरी जसवंत सिंह, कांग्रेस से नसीम खान, असपा से अरशद अंसारी और धर्मवीर सिंह और आईसा प्रवीन निर्दलीय हैं। गंगौह नगर पालिका परिषद मे अध्यक्ष पद के लिए सात प्रत्याशी मैदान में हैं। जिनमें भाजपा से कविता, रालोद से समा, बसपा से साजिया, कांग्रेस के शाहजमा और आसमां, सईदा एवं मुनबे निर्दलीय प्रत्याशी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post