मिशन शक्ति-3 के तहत हक की बात कार्यक्रम आयोजित

शि.वा.ब्यूरो,बुढ़ाना। मिशन शक्ति-3 हक की बात के अंतर्गत महिला इंटरफ़ेस कार्यक्रम का आयोजन आर्य कन्या इंटर कॉलेज के सभागार मे किया गया। कार्यक्रम मे मौजूद बालिकाओं व महिलाओं से यौन हिंसा, लैंगिक असमानता, घरेलू हिंसा, कन्या भ्रूण हत्या, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न व दहेज हिंसा के रोकथाम के विषय में सुरक्षा तन्त्र, सुझाव एवं सहायता हेतु संवाद किया गया। महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके हक के लिए कानूनी जानकारी प्रदान कराई गई एवं जनपद में चल रही समस्त योजनाओं के बारे में अवगत कराया गया। कार्यक्रम में खण्ड विकास अधिकारी सदर डा0 नेहा शर्मा के द्वारा बालिकाओं की शिक्षा पर जोर डाला गया, जिससे बालिकाएं सशक्त हो सके और निडर होकर समाज में आगे बढ़ सकें। बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष बीना शर्मा द्वारा महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबर के बारे में जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की शपथ एवं हस्ताक्षर अभियान भी कराया गया।
आर्य कन्या इण्टर कालेज मे अतिथि एडवोकेट सोनिया संगल द्वारा उपस्थित सभी को उपरोक्त विषयों सम्बन्धी विधिक जानकारी दी गई। थाना बुढाना से उपस्थित महिला आरक्षी लक्ष्मी सिंह द्वारा 112 व 1090 के विषय में बताया गया। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग से श्रीमती सुमन सिंह द्वारा बालिकाओं को विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का संचालन एवं अतिथियों का स्वागत बाल कल्याण समिति मुजफ्फरनगर के सदस्य डॉ राजीव कुमार द्वारा किया गया। उपस्थित सभी बालिकाओं को महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के विषय में विस्तार से बताया गया एवं पम्फलेट व हैंडबिल वितरित किये गए। संवाद के इस कार्यक्रम मे सक्रिय प्रतिभाग करने वाली बालिकाओं को उपहार देकर उत्साहवर्धन भी किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं को मास्क वितरित किए गए।
कार्यक्रम के अन्तर्गत कोविड-19 कोरोना संबंधी गाइडलाईन एवं दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया गया तथा सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क संबंधी नियमों का भी विशेष ध्यान रखा गया। कार्यक्रम में खण्ड विकास अधिकारी सदर डॉक्टर नेहा शर्मा, सहायक विकास अधिकारी सदर रितु गुप्ता, अध्यक्ष बाल कल्याण समिति बीना शर्मा, एडवोकेट सोनिया संगल, सदस्य बाल कल्याण समिति डॉ राजीव कुमार, सुपरवाइजर बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग सुमन सिंह, थाना बुढाना से महिला आरक्षी लक्ष्मी सिंह व सुमन, आशा देवी प्रवक्ता आर्य कन्या इंटर कॉलेज बुढाना, महिला कल्याण अधिकारी शिवांगी बालियान, सेंटर मैनेजर नीरू रानी इत्यादि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन मिशन शक्ति, बेटी बचाओ बेटी पढाओ योजना के अन्तर्गत महिला शक्ति केन्द्र, जिला बाल संरक्षण इकाई एवं वन स्टाॅप सेन्टर द्वारा किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post