गौरव सिंघल, सहारनपुर। जल निगम ने अमृत योजना-2 के तहत 50 हजार से ज्यादा की आबादी वाले निकायों में पेयजल की व्यवस्था बेहतर करने के लिए परियोजनाओं पर काम करना शुरू कर दिया है। जल निगम के अधिशासी अभियंता रूचिन यादव ने आज बताया कि देवबंद और गंगोह में नए ओवरहेड टैंक और नलकूप स्थापित किए जाएंगे। देवबंद में पांच ओवरहेड टैंक बनने हैं। दो के लिए जमीन मिल गई हैं और तीन की तलाश जारी है। गंगोह में भूमि भी मिल गई है और टैंडर भी हो गए हैं।
गंगोह में 18700 घरों में 73 हजार से ज्यादा आबादी रहती है। अभी यहां पांच नलकूप हैं। यहां की पेयजल आपूर्ति सुधारने के लिए 24.89 करोड़ रूपए मंजूर हुए हैं, जिससे तीन नए ओवरहेड टैंक बनेंगे और सात नलकूप लगेंगे। 91 किलोमीटर की नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी और यह काम 13 सितंबर 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा। देवबंद में 50 हजार के करीब भवन हैं। जिनमें डेढ़ लाख के करीब आबादी रहती है। देवबंद में दो ओवरहेड टैंक और सात नलकूप हैं। वहां करीब 20 वर्ष पहले पाइप लाइन बिछाई गई थी। उसके जर्जर होने से पानी रिसने की समस्या अक्सर बनी रहती है। देवबंद के लिए 83 करोड़ रूपए मंजूर हुए हैं। पांच नए ओवरहेड टैंक बनाए जाएंगे और 12 नए नलकूप लगेंगे। 207 किलोमीटर की पाइप लाइन बिछाई जाएगी।