चुनाव के लिए 1600 से अधिक वाहन अधिग्रहित

गौरव सिंघल, सहारनपुर। संभागीय परिवहन विभाग ने लोकसभा चुनाव के लिए छोटे-बड़े 1600 से अधिक वाहनों का अधिग्रहण किया है। अधिग्रहित वाहनों को महानगर के अलग-अलग चार स्थानों पर खड़ा करा लिया है। इन वाहनों से पोलिंग पार्टियां बूथों के लिए रवाना होंगी। खास बात यह है कि आयोग ने किराये में 12 से 40 फीसदी तक की वृद्धि की है। पहले चरण के चुनाव का मतदान शुक्रवार को होगा। इसको लेकर जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूम देना शुरू कर दिया। 

संभागीय परिवहन विभाग ने जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पोलिंग पार्टियों के लिए 637 बसें और एक हजार छोटे वाहनों का अधिग्रहण किया है। जिन्हें बुधवार को पुलिस लाइन, जनता रोड पर पराग डेयरी, महाराज सिंह कॉलेज मैदान और दिल्ली रोड पर आईटीआई मैदान में एकत्रित किया है। जनता रोड पराग डेयरी पर विधानसभा बेहट, सहारनपुर नगर और सहारनपुर देहात, महाराज सिंह कॉलेज मैदान में देवबंद, रामपुर मनिहारान, नकुड़ व गंगोह विधानसभा के लिए वाहन एकत्रित किए। इसी तरह जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट के लिए वाहनों को पुलिस लाइन में खड़ा कराया गया। यहां से वाहन आईटीआई मैदान में भेजा गया है, जहां से जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट को आवंटन किया जाएगा। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन एमपी सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव में जितने वाहनों की जरूरत थी, वह पूरी कर ली गई है। इस बार चुनाव आयोग ने किराया में 40 प्रतिशत तक की वृद्धि की है।

Comments