शि.वा.ब्यूरो, गौतमबुद्ध नगर। ग्रेटर नोएडा परी चौक भाकियू कार्यालय पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के एक दर्जन किसान संगठनों ने एकजुट होकर 13 फरवरी को हजारों की संख्या में दिल्ली कूच करने के लिए बैठक करके रणनीति बनाई। बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन वर्मा व पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि भाजपा की मोदी सरकार देश के अन्नदाता किसानों की घोर उपेक्षा कर रही है। अन्नदाता किसानों के सभी कर्ज समाप्त कराने, एम एस पी को गारंटी कानून बनाने, किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाने, राष्ट्रीय किसान आय आयोग का गठन कराने, मनरेगा योजना को सीधा खेती से जोड़कर किसानों को मजदूर उपलब्ध कराने, गन्ना किसानों को गन्ने का लाभकारी मूल्य ₹600 कुंतल दिलाने चीनी मिलों से नकद गन्ना भुगतान व ब्याज दिलाने जैसी अनेक समस्याओं को लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हजारों किसान झंडे-डंडे के साथ 13 फरवरी को दिल्ली कूच करेंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी राजवीर सिंह मुंडेट ने कहा कि किसानों की उन्नति से ही देश की उन्नति संभव है। केंद्र के भारी भरकम बजट में देश के अन्नदाता किसानों की उन्नति के लिए कुछ नहीं है। बजट में किसानों के सभी कर्ज माफ होने चाहिए थे। 58 वर्ष से अधिक किसान मजदूर को प्रतिमाह ₹5000 वृद्धावस्था पेंशन दिलाने की बात भी दिल्ली किसानो की रैली में की जाएगी। बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल तालान ने कहा कि 13 फरवरी को गांव-गांव पंचायत करके भारी संख्या में दिल्ली किसानों को लेकर चलेंगे। आवारा पशुओं से किसानो की खेती नष्ट हो रही है, इसके लिए सरकार को ठोस कदम उठाना चाहिए।
बैठक में उत्तराखंड किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड, भारतीय किसान यूनियन क्रांति के युवा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सैनी, प्रदेश मीडिया प्रभारी गौरव सैनी, पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय सलाहकार हाफिज मुर्तजा त्यागी, भारतीय किसान यूनियन जनशक्ति के सुधीर चौधरी, पश्चिम प्रदेश निर्माण मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव कर्नल सुधीर चौधरी, भारतीय किसान यूनियन सेकुलर के राष्ट्रीय अध्यक्ष खुर्शीद आलम, भारतीय किसान यूनियन संघर्ष के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरबजीत गुर्जर, भारतीय किसान यूनियन उत्थान के मनोज त्यागी, श्यामवीर नागर एडवोकेट, बॉबी नागर, अमित त्यागी, संजय त्यागी, प्रवीण तोमर, विनीत त्यागी, सुमित वर्मा, अनुभव त्यागी, रामशरण सैनी, विनोद सैनी, आशु त्यागी, सुरेंद्र सिंह, धर्मवीर सिंह ने भाग लिया।