श्री रामकृष्ण योगाश्रम इंटर कॉलेज में शिक्षकों को सम्मानित किया

शि.वा.ब्यूरो, देवबंद। की अग्रणी समाज सेवी संस्था मानव कल्याण मंच देवबंद द्वारा शिक्षक दिवस के उपलक्ष में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन श्री रामकृष्ण योगाश्रम इंटर कॉलेज में किया गया। कार्यक्रम में श्री राम कृष्ण योगाश्रम इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अरुण कुमार गोयल, द दून वैली पब्लिक स्कूल क्वालिटी  कंट्रोलर अर्चना शर्मा, केएल जनता इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य  राजकुमार,  सरस्वती शिव शिशु मंदिर रेलवे रोड के प्रधानाचार्य मनीष त्यागी, वीके बालकुंज जूनियर हाई स्कूल के प्रबंधक गौरव अग्रवाल को शाल ओढ़ाकर व अभिनंदन पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी व केएल जनता इंटर कॉलेज के प्रबंधक दीपक राज सिंघल ने शिक्षक दिवस के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया की भारत के भूतपूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर सर्वपल्ली राधा कृष्णन के जन्म दिवस जो 5 सितंबर को होता है, उसको ही शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। दूसरे अतिथि धर्मपाल महाजन श्री राम कृष्ण योगाश्रम इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में बताया कि पुस्तके वह साधन है, जिसके माध्यम से हम विभिन्न संस्कृतियों के मध्य पुल बनाने का कार्य करते हैं। यदि हमें दो संस्कृतियों का बेहतर संबंध बनाना है तो शिक्षा उसमें महत्वपूर्ण योगदान प्रदान करती हैl उन्होंने कहा कि सम्मानित शिक्षक अरुण कुमार गोयल ने बताया कि शिक्षक हमारे जीवन में मार्गदर्शन का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाले संघर्षों का सामना करने के लिए हमें शिक्षक ही तैयार करते हैं। 

मंच द्वारा सम्मानित किये गये शिक्षक राजकुमार ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक दिवस मूलतः इसलिए मनाया जाता है, ताकि हम अपने सभी शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट कर सकें। अर्चना शर्मा ने कहा कि एक शिक्षक राष्ट्र के निर्माण में अतुल्य योगदान देता है और कोई भी राष्ट्र तभी सुरक्षित  होता है, जब उसके शिक्षक योग्य हो ।  मनीष त्यागी ने कहा कि शिक्षकों का योगदान ही है, जो आज हमारा देश तेजी से सफलता के मार्ग पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि आज विश्व भर में भारतीय हर क्षेत्र में अपना नाम व अपने देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज विश्व का हर चौथा डॉक्टर, इंजीनियर  व  व्यवसायी एक भारतीय  है। गौरव अग्रवाल ने बताया कि आज हमारा देश जिस मुकाम पर है बिना शिक्षकों के हम यहां तक नहीं पहुंच सकते थे। उन्होंने कहा कि मंच बधाई का पात्र है कि पिछले 27 वर्षो से लगातार नगर में सेवा कार्य कर रहा है। 

मानव कल्याण मंच महिला मंडल की संरक्षक डॉ कांता त्यागी ने कहा कि एक शिक्षक दीये की तरह स्वयं को जलाकर एक विद्यार्थी को तैयार करता है। मंच सदस्या ममता वर्मा ने बताया कि शिक्षक का स्थान ईश्वर से भी सर्वोपरि होता है। मंच संस्थापक अरुण अग्रवाल ने बताया कि शिक्षक अपने शिष्य के जीवन के साथ-साथ उसके चरित्र निर्माण में भी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि मनुष्य की सबसे पहले गुरु उसकी मां होती है, जो अपने बच्चों को जन्म देने के साथ साथ उनका पालन करती है, जबकि शिक्षक उनको ज्ञान व शिष्टाचार सिखाता है और ये सत्य है कि गुरु ब्रह्मा गुरु विष्णु गुरु देवो महेश्वरा ll गुरु साक्षात परब्रह्मा तस्मै श्री गुरुवे  नमः ll गुरु जीवन प्रदान करने के साथ-साथ जीवन के आधार का ज्ञान भी देता है। शिक्षक ही व्यक्ति के व्यक्तित्व का निर्माण करता है।

मानव कल्याण मंच के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने बताया कि आज सोशल मीडिया के दौर में शिक्षकों का अध्यापन कार्य बहुत चुनौती भरा हो गया है। उन्होंने कहा कि चुनौती के इस  समय में भी शिक्षक अपना कार्य निडरता के साथ कर रहे हैं और इसके लिए सभी शिक्षक बधाई के पात्र हैं। मंच महासचिव सुशील कर्णवाल ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन राजीव शर्मा ने किया। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष प्रमोद मित्तल, नरेंद्र बंसल, राजू सैनी, जितेंद्र कश्यप, मंजू शर्मा, सुशील कर्णवाल, पूर्व उपाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, कुलदीप दीप, नंदकिशोर नागर, चंद्र प्रकाश गाबा , यश बंसल, अमित गर्ग, रविंद्र कश्यप एडवोकेट, सुनील बंसल,विपिन शर्मा आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


Comments