प्राचीनतम एवं ऐतिहासिक श्री कृष्ण शोभायात्रा शनिवार 9 सितंबर को

शि.वा.ब्यूरो, देवबंद। श्री पंचायती ठाकुरद्वारा सभा देवबंद के तत्वावधान में प्राचीनतम ऐतिहासिक एवं परंपरागत श्री कृष्ण रथ-यात्रा महोत्सव आगामी 9 सितंबर दिन शनिवार को बड़े श्रद्धाभाव के साथ आयोजित किया जाएगा। 

श्री पंचायती ठाकुरद्वारा सभा के अध्यक्ष विनोद प्रकाश गुप्ता और कोषाध्यक्ष अशोक गुप्ता ने बताया कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्वोत्सव बृहस्पतिवार को मंदिर में बडे श्रद्धाभाव के साथ आयोजित किया गया, जिसमें मंदिर में भगवान के दर्शन प्रातः काल से रात्रि 12 बजे तक हुए। दिनांक 9 सितंबर दिन शनिवार को स्वर्ण रथ पूजन एवं धर्म ध्वज स्थापना प्रात: आठ बजे वेद-ज्ञान श्रीकृष्ण रथशाला, छिम्पीवाडा, देवबंद पर होगी। प्रभु रथों का श्रीठाकुरद्वारा मंदिर के लिए प्रस्थान एवं सारथी हेतु बोलियां प्रात: दस बजे होगी। भगवान की प्रतिमाओं का रथों पर प्रतिष्ठापित होना एवं शोभायात्रा का प्रारंभ सायं चार बजे श्री ठाकुरद्वारा मंदिर मेन बाजार देवबंद से होगा। 

अशोक गुप्ता ने बताया कि देवबंद नगर की प्राचीनतम धार्मिक संस्था श्री पंचायती ठाकुर द्वारा सभा (रजि.) ठाकुरद्वारा मंदिर देवबंद के तत्वाधान में परंपरागत श्री कृष्ण रथ- यात्रा महोत्सव (विशाल शोभा यात्रा) इस वर्ष भी भाद्रपद कृष्ण पक्ष दशमी संवत् 2080 तदानुसार 9 सितंबर दिन शनिवार को पूर्ण धार्मिक आस्थाओं एवं उत्साह के साथ संपन्न होगी। अशोक गुप्ता ने बताया कि इस प्राचीन ठाकुरद्वारा मंदिर एवं श्री कृष्णा शोभायात्रा का अपना एक अनूठा इतिहास है। शोभायात्रा में 106 वर्ष पूर्व निर्मित प्रभु के दो मंजिला स्वर्ण रथ पर मूर्ति रूप में श्रीठाकुर जी महाराजा धीराज भगवान श्री कृष्ण एवं श्री राधारानी विराजमान होकर हजारों श्रद्धालुओं को पग-पग पर अपने दर्शनों से अभिभूत करेंगे साथ में अनेक मनोरम झांकियां, अखाड़े, कीर्तन मंडली, बैंड बाजे आदि सम्मिलित होंगे। विशाल शोभा यात्रा में मुख्य अतिथि राज्य मंत्री लोक निर्माण विभाग कुंवर बृजेश सिंह होंगे।


Comments